रिंग रोड पर भारी वाहनों के खिलाफ सख्ती…! दिखावटी कार्रवाई या स्थायी अभियान? सरगुजा पुलिस की मुहिम पर टिकी नजर जाम और हादसों पर लगाम की कोशिश, पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी क्या रोज़ चलेगा अभियान? आदित्य गुप्ता अंबिकापुर। शहर की रिंग रोड एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के दौरान बस स्टैंड पुलिस सहायता केंद्र एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने रिंग रोड पर खड़े बसों व ट्रकों को मौके से हटवाया और वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बस एवं ट्रक चालकों को कड़ी हिदायत दी गई कि वे अपने भारी वाहनों को रिंग रोड या शहर के भीतरी प्रमुख मार्गों पर खड़ा न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भारी वाहनों के लिए ट्रांसपोर्ट नगर में निर्धारित पार्किंग स्थल उपलब्ध है और वहीं वाहनों को खड़ा करना अनिवार्य होगा। लगातार अभियान या एक-दिवसीय सख्ती? दिनांक 03 जनवरी 2026 को की गई इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या यह सख्ती निरंतर जारी रहेगी या फिर यह केवल अभियानात्मक/दिखावटी कार्रवाई तक सीमित रहेगी? स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रिंग रोड पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से आए दिन जाम, दुर्घटना और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि कार्रवाई नियमित रूप से हो, तो यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार संभव है। पुलिस का स्पष्ट संदेश सरगुजा पुलिस ने अपील की है कि सभी भारी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि रिंग रोड या प्रमुख मार्गों पर भारी वाहन खड़े पाए गए, तो सख्त चालानी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का दावा है कि सड़क सुरक्षा जागरूकता के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि शहर में यातायात सुचारु रहे और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। Share this: Click to share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Click to share on Facebook (Opens in new window) Facebook Click to share on X (Opens in new window) X Click to email a link to a friend (Opens in new window) Email Post navigation कोरिया में जन समस्या निवारण अभियान को मिली गति, कानूनी सलाहकारों की भी रही मौजूदगी सरगुजा में जमीन घोटाले का पर्दाफाश, लंबे समय से चल रहा था फर्जीवाड़ा, पुलिस कार्रवाई में खुला राज…!